अम्बिकापुर / फरवरी 2022/मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत अम्बिकापुर निगम क्षेत्र में 4 मोबाईल मेडिकल यूनिट द्वारा अब तक 1 लाख 229 लोगो का निःशुल्क ईलाज किया गया है। एमएमयू के द्वारा लोगों को अपने गली-मोहल्लो में स्वस्थय सुविधा मिल रही है।
प्रतिदिन की भांति सोमवार को मोबाइल मेडिकल यूनिट के द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। एमएमयू में केनाबन्ध 70वर्षीय बुजुर्ग बैजनाथ सिंह अपने स्वास्थ्य जांच कराने के लिए पहुंचे। उन्हें चलने में तकलीफ तथा कमजोरी की समस्या डॉक्टर को बताई। डॉक्टर ने उनका नियमित स्वास्थ्य जांच कर वजन कराया। उन्हें मल्टी विटामिन का सिरप तथा कैल्शियम टैबलेट प्रदान किया गया। इस तरह से बैजनाथ को अपने मोहल्ले में ही निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलने से वे प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि एमएमयू बस के चलने से हमे बहुत राहत मिली है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर हम तत्काल डॉक्टर को दिखाने आते हैं। बस में सारी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देता हूँ।
अम्बिकापुर नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री विजय दयाराम ने बताया कि मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत अम्बिकापुर नगर निगम में कुल 4 मोबाइल मेडिकल यूनिट के द्वारा प्रतिदिन अलग.अलग क्षेत्र में भ्रमण कर निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्रदान किया जा रहा है। निगम क्षेत्र में आज तक कुल 1368 कैम्प लगाकर 1 लाख 229 लोगों का ईलाज किया गया है। इनमें से 65 हजार 989 लोगों को निःशुल्क दवाई का वितरण किया गया तथा 22 हजार 325 लोगों का लैब टेस्ट किया गया है। 8 हजार 865 लोगों का श्रम कार्ड कैम्प में पंजीयन के माध्यम से बनाया गया है। एमएमयू का संचालन चिन्हांकित स्लम एरिया में प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाता है। इसमे कुल 42 प्रकार की स्वास्थ्य जांच के लिए लैब की सुविधा उपलब्ध है जहाँ पर निःशुल्क लैब टेस्ट कर रिपोर्ट प्रदान किया जाता है।