सुकमा / फरवरी, 2022/ खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान उपार्जन के लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति किसानों ने संतोष जाहिर करते हुए उसकी सराहना की। जिला प्रशासन द्वारा जिले के 20 केंद्रों में धान खरीदी के लिए समुचित व्यवस्था, किसानों की सुविधा के लिए छांव, पेयजल, बैठने आदि की व्यवस्था के फलस्वरुप जिले में कृषकों ने बड़ी सुगमता से धान का विक्रय किया।
धान खरीदी के अंतिम दिवस पर छिन्दगढ़ सोसायटी में अपना धान विक्रय करने आए पतिनाईकरास के कृषक बुधरा दुधी ने बताया कि उसने टोकन कटवा कर 21.60 क्विंटल धान बेचा। धान बेचने में उसे किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों का व्यवहार भी सहयोगात्मक है। उन्होंने इस समुचित व्यवस्था के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं गादीरास धान खरीदी केन्द्र में अपनी उपज बेचने पहुँचे कृषक बालक राम ने हल्बी बोली में धान खरीदी के दौरान शासन प्रशासन द्वारा किए गए समस्त व्यवस्थाओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्हें धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने 20 क्विंटल धान विक्रय करने के लिए टोकन लिया था।
इसी प्रकार धान खरीदी के अंतिम दिवस पर 69 कृषकों ने 12 धान खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय किया। केरलापाल में अंतिम दिवस धान बेचने आए कृषक माड़कामी नन्दा, पूनेम जोगा, मंगल राम पूनेम और पूनेम बंडी ने कुल 113 क्विंटल धान का विक्रय किया। अंतिम दिवस पर उपार्जन केन्द्रों में धान विक्रय करने आए कृषकों को श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
25 रुपए बारदाने की कीमत से कृषकों को लाभ
चालू विपणन वर्ष के अंतिम चरणों मे भी कृषकों को धान बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा। समिति में किसानों की सहूलियत हेतु पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। कृषकों ने बताया कि धान विक्रय हेतु उन्हें अविलंब टोकन प्रदान कर बारदाना उपलब्ध कराया गया एवं बिना किसी देरी के धान की तौलाई कार्य पूरा किया गया। इससे मुझे बहुत खुशी मिली।
इस वर्ष धान खरीदी के प्रथम दिवस से ही शासन द्वारा धान खरीदी के लिए कृषकों के बारदाना का उपयोग किया गया। प्रति बोरा के लिए कृषकों को 25 रुपए अतिरिक्त प्रदान किए गए। इसके लिए कृषकों ने मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का धन्यवाद दिया। सभी किसानों ने लोगो की हितों को ध्यान में रखने एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें लाभ प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को सहृदय धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया।