छत्तीसगढ़

आखिरी दिन समर्थन मूल्य में धान बेचने पहुंचे किसानों में दिखा संतोष

धमतरी / फरवरी 2022/ ”प्रदेश के मुखिया श्री भूपेश बघेल ने समर्थन मूल्य में धान खरीदी की तिथि बढ़ाकर किसानों को काफी राहत पहुंचाई है। ऐसे कई किसान थे जो असमय बारिश की वजह उपार्जन केन्द्रों में धान बेचने नहीं पहुंच सके थे। अगर तिथि नहीं बढ़ाई जाती तो उन किसानों को नुकसान होता“ यह कहना है, देमार के 56 वर्षीय किसान श्री अंगेश्वर साहू का। वे धमतरी स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति देमार में अपने भतीजे के साथ धान बेचने आए थे। उन्होंने खुद अपने 12 एकड़ के रकबे में उपजे 166 क्विंटल 66 किलो धान, तीन लाख 22 हजार रूपए के समर्थन मूल्य पर बेचा है। आज भतीजे समीर ने केंद्र में 14 क्विंटल 80 किलो धान बेचा। दरअसल बेमौसम बारिश की वजह से समीर अपना धान बेच नहीं पाए थे। लेकिन राज्य सरकार ने सात फरवरी तक के लिए धान खरीदी की तिथि बढ़ाकर उनकी मुश्किलों को आसान कर दिया।
इसी केंद्र में दूसरी बार आज धान बेचने पहुंचे तेलीनसत्ती के 70 वर्षीय किसान श्री सोमनाथ साहु भी प्रदेश के मुख्यमंत्री का साधुवाद करते हैं, कि किसानों की मेहनत को उन्होंने ज़ाया नहीं होने दिया और उनके हित में फैसला करते हुए एक सप्ताह के लिए धान खरीदी की अवधि बढ़ाई। उन्होंने अपने चार एकड़ 37 डिसमिल के खेत में उपजे 64 क्विंटल 40 किलो धान खरीदी केंद्र में एक लाख 24 हजार 936 रुपए में बेचा है। इनके साथ ही आज केंद्र में कुल आठ किसानों से 1.5 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य में खरीदा गया। ज्ञात हो देमार खरीदी केंद्र में एक दिसंबर से आज तक एक हजार 363 किसानों से 4524.76 मीट्रिक टन धान आठ करोड़ 81 लाख 02 हजार 616 रुपए के समर्थन मूल्य में खरीदा गया। इस खरीदी केंद्र में देमार के अलावा अर्जुनी, तेलीनसत्ती, खपरी, उसलापुर के पंजीकृत किसान धान बेचने आते हैं।
इसी तरह धान उपार्जन केन्द्र गट्टासिल्ली में आज कुल 17 किसानों ने कुल 6.8 मीट्रिक टन और छाती केन्द्र में आठ किसानों ने 6.6 मीट्रिक टन धान समर्थन मूल्य पर बेचा। गौरतलब है कि जिले में एक दिसम्बर से अब तक कुल 431322.68 मीट्रिक टन धान उपार्जित किया गया है। सात फरवरी तक के लिए खरीदी की अवधि बढ़ने और अपनी उपज का सही दाम मिलने से किसानों के चेहरे में संतोष के भाव दिखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *