छत्तीसगढ़

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्था से कृषकों में हर्ष

सुकमा / दिसंबर, 2021/ खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में धान उपार्जन के लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति किसानों ने संतोष जाहिर करते हुए उसकी सराहना की है। जिला प्रशासन द्वारा जिले के 18 केंद्रों में धान खरीदी के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। किसानों की सुविधा के लिए छांव, पेयजल, बैठने आदि की व्यवस्था उपार्जन केंद्रों में की गई है। किसानों की सुविधा के लिए सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही किसानों को स्वयं का बारदाना उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने बारदाना की कीमत 18 रूपये से बढ़ाकर 25 रूपये कर दी है, जिससे किसानों में हर्ष व्याप्त है।
  छिन्दगढ़ विकासखण्ड के स्थानीय धान उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम रोकेल के किसान टंकेश कुमार नाग ने बताया कि उसने टोकन कटवा कर 43.20 क्विंटल धान बेचा है। धान बेचने में उसे किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगात्मक है। उन्होंने इस समुचित व्यवस्था के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। विगत वर्ष उन्होंने 46 क्विंटल धान बेचा था।
वहीं ग्राम पतिनाईकरास के कृषक श्री प्रमोद सिंह भी छिन्दगढ़ धान खरीदी केन्द्र में अपनी उपज बेचने पहुँचे थे। उन्होंने बताया कि धान बेचने के लिए बहुत ही आसानी से बारदाना उपलब्ध कराया गया है। साथ ही 25 प्रतिशत धान हेतु बारदाना भी साथ लेकर आने की बात कही। कृषक प्रमोद ने 40.40 क्विंटल धान बेचा और बताया कि अभी और धान शेष है जिसे वे शीघ्र ही टोकन कटवाकर बेचने लाएंगे। विगत वर्ष उन्होंने 120 क्विंटल धान बेचा था। उन्होंने बताया कि धान की तुलाई में भी किसी प्रकार की समस्या नहीं हुई। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में में जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *