जिला चिकित्सालय में लगाया जा रहा निशुल्क एचपीवी वैक्सीन

राजनांदगांव, 28 मार्च 2026/sns/- जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के बचाव के लिए प्रतिदिन नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में अब तक 53 पात्र किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर के बचाव के लिए एक सुरक्षित और प्रभावी उपाय है। साथ ही यह टीका एचपीवी संक्रमण के कारण होने वाले सर्वाइकल कैंसर को रोकने के लिए काफी प्रभावशील है। भारत में 14 वर्ष की लड़कियों, जिन्होंने अपना 15वां जन्मदिन नहीं मनाया है, ऐसेे सभी बालिकाओं को यह टीका लगाया जा रहा है। वैक्सीन के किसी भी प्रकार का कोई दुष्परिणाम नहीं है। वैक्सीन हेतु डॉक्टर की निगरानी पर केवल 30 मिनट बैठना होता है। टीकाकरण के लिए हितग्राही युवीन के माध्यम से भी अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते है। इसके अलावा जिला चिकित्सालय में आधार कार्ड के साथ उपस्थित होकर अपना नि:शुल्क पंजीयन करा सकते है।
,जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि आगामी समय मे जिले के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। यह वैक्सीन सुरक्षित भविष्य की ओर एक बड़ा कदम है। कैंसर आज सिर्फ एक बीमारी नहीं बल्कि लाखों परिवारों की चिंता का कारण बन चुका है। खासकर बात बेटियों की हो तो हर मां-बाप के दिल में एक ही डर होता है, कहीं उनकी बच्ची गंभीर बीमारी की शिकार ना हो जाए। सर्वाइकल कैंसर ऐसी ही एक खतरनाक बीमारी है, जो चुपचाप महिलाओं की सेहत को नुकसान पहुंचती है, लेकिन अब इस डर को कम करने की तरफ एक बड़ा और उम्मीद भरा कदम उठाया गया है। जिले के सभी अभिभावक अपने बच्चे जिन्होंने 14 साल का जन्मदिन मनाया है और 15 साल का जन्मदिन नहीं मनाया है, जिला चिकित्सालय में कार्य दिवस पर उपस्थित होकर नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन लगवाने और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *