पीएम सूर्य घर योजना के तहत बड़ी पहल, सोलर संयंत्रों में आगे रहा ग्राम मोहला

मोहला, 26 मार्च 2026/sns/-जिले में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना अंतर्गत “मॉडल सोलर विलेज” के चयन को लेकर गतदिवस जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सबसे अधिक आबादी वाले 10 ग्रामों में से एक ऐसे ग्राम का चयन किया गया, जहां सर्वाधिक सोलर सिस्टम एवं रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए गए हैं। इस प्रक्रिया के तहत ग्राम मोहला को मॉडल सोलर विलेज के रूप में विकसित करने हेतु चयनित किया गया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, समिति की अध्यक्ष कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, सदस्य श्री मदन साहू, सदस्य अनिल गुप्ता, सदस्य हर्ष अटभैया और अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार पहले जिले के 10 सबसे अधिक आबादी वाले ग्रामों का चयन किया गया था। इसके बाद 19 अगस्त 2025 से इन ग्रामों के बीच प्रतिस्पर्धा शुरू की गई, जो 20 फरवरी 2026 को पूर्ण हुई। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करना था। निर्देशों के अनुसार जिस ग्राम में प्रतियोगिता अवधि के दौरान सबसे अधिक सौर संयंत्र स्थापित किए गए, उसी का चयन मॉडल सोलर विलेज के रूप में किया जाना था। इसी क्रम में गतदिवस 24 मार्च को प्रतियोगिता समाप्ति के बाद जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। अब चयनित ग्राम का विस्तृत सर्वेक्षण रिपोर्ट क्रेडा विभाग द्वारा तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। अनुमोदन पश्चात केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कुल 2 करोड़ रुपये (1-1 करोड़) की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ग्राम मोहला को पूर्ण रूप से “मॉडल सोलर विलेज” के रूप में विकसित किया जाएगा। यह पहल न केवल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *