छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने ग्राम खजरी एवं बोटेपार में निर्माणाधीन नहर लाइनिंग कार्य का किया निरीक्षण


राजनांदगांव, 25 मार्च 2026/sns/-कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज ग्राम खजरी और बोटेपार में निर्माणाधीन पक्की नहर लाईनिंग का निरीक्षण किया। उन्होंने नहर लाइनिंग की कुल लंबाई, निर्माण गुणवत्ता, कार्य की गति तथा डेम की उपलब्ध क्षमता संबंधी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिससे आगामी सीजन में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि पक्की नहर लाइनिंग कार्य से किसानों को पर्याप्त मात्रा में सिंचाई का स्थायी लाभ मिलेगा। कलेक्टर ने नहर किनारे उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर नहर लाइनिंग कार्य से मिलने वाले लाभ और गांव की समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि पक्की नहर लाइनिंग बनने से पानी का रिसाव कम होगा, सिंचाई सुचारू रूप से खेतों तक पहुंचेगी तथा उत्पादन में वृद्धि की संभावना बढ़ेगी।
कलेक्टर ने किसानों को प्रधानमंत्री आशा योजना के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत दलहन एवं तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है, जिससे किसानों को बेहतर आय प्राप्त होगी। उन्होंने किसानों को दलहन-तिलहन क्षेत्र विस्तार के लिए प्रेरित किया तथा समय पर पंजीयन कराने कहा। इस अवसर पर ग्राम बोटेपार के किसानों ने सीसी रोड एवं नाली निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर ने उनकी मांगों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को सीसी रोड एवं नाली निर्माण का स्टीमेट तैयार कर बारिश के पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि गांव में आवागमन एवं जल निकासी की समस्याओं का समाधान हो सके। कलेक्टर ने किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सिंचाई संबंधी सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ तथा पारदर्शिता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे रबी एवं खरीफ सीजन के लिए किसानों को पर्याप्त सिंचाई उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री एनके रामटेके, एसडीओ सुयश यदु, उप अभियंता सहित किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *