छत्तीसगढ़

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित


रायगढ़, 25 मार्च 2026/sns/- स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त सीएचसी एवं पीएचसी केन्द्रों में 24 मार्च को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए व्यापक जांच एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उन्हें पौष्टिक स्वल्पाहार प्रदान कर उनकी स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
राज्य शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह के 9 एवं 24 तारीख को “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत जिलेभर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजना पैंकरा के संचालन में आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना रहा। शिविरों में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया। अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, शुगर, सिकलिन, मलेरिया, एचआईवी, वजन एवं ऊंचाई सहित सभी आवश्यक जांच की गई। साथ ही आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों का वितरण कर एनीमिया की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला चिकित्सकों द्वारा व्यक्तिगत काउंसलिंग कर स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
उच्च जोखिम (हाई रिस्क) गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें निजी एवं शासकीय सोनोग्राफी केंद्रों में निःशुल्क जांच की सुविधा प्रदान की गई। इसके अलावा महिलाओं को लेबर रूम एवं ऑपरेशन थियेटर का भ्रमण भी कराया गया, जिससे उनके मन में प्रसव को लेकर किसी प्रकार का भय न रहे और वे मानसिक रूप से सुरक्षित प्रसव के लिए तैयार हो सकें। जिले के विभिन्न विकासखंड पुसौर में 88, लोइंग में 38, तमनार में 21, घरघोड़ा में 85, लैलूंगा में 93, धरमजयगढ़ में 109 एवं खरसिया में 59 कुल 258 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर उनकी जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने सभी गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं से अपील की है कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहें, अपने एवं शिशु के पोषण पर विशेष ध्यान दें तथा किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी या स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करें। यह अभियान न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य को सुदृढ़ बना रहा है, बल्कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” के संकल्प को भी मजबूत कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *