छत्तीसगढ़

कमिश्नर बस्तर और कलेक्टर ने मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में हेल्थ एटीएम का लिया जायजा

जगदलपुर, 25 मार्च 2026/sns/- कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह और कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज स्वशासी समिति प्रबंधकारिणी की बैठक के पश्चात मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के द्वारा सीएसआर के तहत स्थापित हेल्थ एटीएम का अवलोकन कर उक्त हेल्थ एटीएम के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के बारे में जानकारी ली और इसके द्वारा आम जनता को विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने हेल्थ एटीएम से स्वयं का वजन-ऊंचाई, शरीर का तापमान, रक्तचाप, ऑक्सीजन लेबल इत्यादि सहित ईसीजी जांच कराया।
इस मौके पर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ अनुरूप साहू ने अवगत कराया गया कि हेल्थ एटीएम के माध्यम से नागरिक ब्लड प्रेशर, शुगर, तापमान, ऑक्सीजन लेबल, ईसीजी सहित 100 से अधिक जांचें तुरंत करवा सकते हैं। हेल्थ एटीएम के माध्यम से महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच और परामर्श की सुविधा मिलती है, जिससे ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान संभव हो पाती है और समय रहते उपचार शुरू किया जा सकता है। साथ ही हेल्थ एटीएम में टेलीमेडिसिन सुविधा यथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डॉक्टरों से सीधे परामर्श की सुविधा उपलब्ध है, जिससे तुरंत विशेषज्ञ सलाह प्राप्त की जा सकती है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लिए हेल्थ एटीएम वरदान है। जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है, वहां यह मशीन प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सुविधाओं को आम जनता तक पहुँचाती है। यह सुविधा आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ प्रदीप बेक, नगर निगम आयुक्त श्री प्रवीण वर्मा, सीएमएचओ डॉ संजय बसाक, सहित मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागाध्यक्ष और लोक निर्माण एवं छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कार्पोरेशन के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *