बलौदाबाजार, 25 मार्च 2026/sns/-मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित राशि वितरण कार्यक्रम में पंडित चक्रपाणि शुक्ल हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान से प्रदेशभर के हितग्राहियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों से योजना के लाभ और उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
संवाद के दौरान जशपुर जिला के हितग्राही कन्हैया ने बताया कि मुख्यमंत्री के बटन दबाते ही राशि उनके खाते में पहुंच गई। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्राप्त राशि का उपयोग बकरी पालन में किया था और इस वर्ष की राशि का उपयोग प्रधानमंत्री आवास में करेंगे। उन्होंने योजना से मिल रहे लाभ के लिए आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कन्हैया को शुभकामनाएं दीं।इसी तरह जांजगीर-चांपा जिला के राजेंद्र कुमार ने बताया कि प्राप्त राशि से उन्होंने किराना दुकान को आगे बढ़ाने की योजना बनाई है, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
बालोद जिला के यादव राम निषाद ने मुख्यमंत्री से संवाद के दौरान कहा कि वे उनसे बात कर भावुक हो गए हैं। उन्होंने बताया कि उनकी छोटी किराना दुकान है, जिसे वे इस सहायता से और विकसित करना चाहते हैं।वहीं गरियाबंद जिला के नरेश निर्मलकर ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने योजना की राशि से घर निर्माण और बच्चों की पढ़ाई में सहयोग लिया था। इस वर्ष भी राशि का सदुपयोग करने का संकल्प व्यक्त करते हुए उन्होंने योजना के प्रति संतोष जताया।
कोंडागांव जिला के एक अन्य हितग्राही ने भी बताया कि उन्हें इस वर्ष की राशि प्राप्त हो गई है और पिछले वर्ष की राशि का भी उन्होंने उपयोग किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री ने सभी हितग्राहियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंचे और उनके जीवन स्तर में सुधार हो।

