छत्तीसगढ़

हर संग्राहक का होगा अपना बैंक खाता बीजापुर में तेंदूपत्ता श्रमिकों के लिए बड़ा अभियान, पारदर्शी भुगतान की दिशा में कदम

बीजापुर, 19 मार्च 2026/SNS/-जिले में तेंदूपत्ता संग्राहकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। जिन संग्राहकों के पास अब तक बैंक खाता नहीं है, उनके लिए विशेष अभियान चलाकर खाते खुलवाए जा रहे हैं। यह कार्य जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त प्रयासों से तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आगामी तेंदूपत्ता सीजन में सभी संग्राहकों को उनका पारिश्रमिक सीधे बैंक खाते के माध्यम से पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से मिल सके। प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है ताकि कोई भी हितग्राही इस व्यवस्था से वंचित न रह जाए।
अभियान के तहत गांव.गांव पहुंचकर पात्र संग्राहकों की पहचान की जा रही है और बैंकिंग प्रक्रिया को सरल बनाते हुए उनके खाते खुलवाए जा रहे हैं। इससे न केवल भुगतान प्रणाली में पारदर्शिता आएगी, बल्कि बिचौलियों की भूमिका भी समाप्त होगी और संग्राहकों को उनका पूरा हक सीधे प्राप्त होगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आज के समय में बैंक खाता केवल भुगतान प्राप्त करने का माध्यम ही नहीं, बल्कि केंद्र और राज्य शासन की अधिकांश जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी अनिवार्य है। ऐसे में यह अभियान संग्राहकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों में इस पहल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। संग्राहकों का कहना है कि बैंक खाता खुलने से उन्हें भविष्य में कई योजनाओं का लाभ मिलेगा और उनकी आय सुरक्षित रहेगी।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस अभियान के माध्यम से प्रत्येक पात्र तेंदूपत्ता संग्राहक को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा जाए जिससे वे आत्मनिर्भर बनें और उन्हें समय पर पूर्ण एवं पारदर्शी भुगतान सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *