सारंगढ़-बिलाईगढ़, 18 मार्च 2026/sns/- सारंगढ़ में चल रहे जिला मुख्यालय स्तरीय विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. संजय कन्नौजे ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी।
कलेक्टर ने निर्माणाधीन नवीन कलेक्ट्रेट कॉम्प्लेक्स भवन का निरीक्षण करते हुए भवन के सामने बने पब्लिक टॉयलेट को हटाकर बाहर जनरल टॉयलेट निर्माण कराने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट के समीप बन रहे जिला पंचायत कार्यालय भवन, एसडीएम एवं तहसीलदार कार्यालय के नए भवन निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
खेलभाठा मैदान के सामने स्थित जर्जर ट्राइबल हॉस्टल के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने इसे विभिन्न विभागों के उपयोग हेतु तैयार करने को कहा। उन्होंने मई माह तक कार्य पूर्ण करने और प्लास्टर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में खेलभाठा मैदान में बन रहे स्टेज निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने स्टेज के सामने रेलिंग लगाने तथा 20 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
चंदई क्षेत्र में निर्माणाधीन नवीन जिला अस्पताल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने बताया कि अब तक लगभग 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा अस्पताल के सामने किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश एसडीएम को दिए। अस्पताल के समीप जिला स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के नए भवन का निरीक्षण करते हुए 30 मई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। टीसीपीसी रानीसागर में निर्माणाधीन नालंदा परिसर का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने परिसर के सामने गार्डन विकसित करने तथा दिसंबर माह तक निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

