अम्बिकापुर, 18 मार्च 2026/sns/- जिले में स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वृहद स्वैच्छिक रक्तदान अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी एस मार्को से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस अभियान के अंतर्गत दिनांक 17 मार्च 2026 से 08 मई 2026 तक जिले के विभिन्न शासकीय, अशासकीय, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थानों के समन्वय से चरणबद्ध रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 18 मार्च 2026 को जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। राष्ट्रपति भवन, पंडो नगर में आयोजित शिविर में उत्साहपूर्वक रक्तदान किया गया। इसके अतिरिक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सीतापुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लुण्ड्रा में भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। सभी रक्तदान शिविरों का आयोजन भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा के समन्वय से किया गया तथा राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध ब्लड सेंटर की चिकित्सकीय एवं तकनीकी टीम द्वारा रक्त संग्रहण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न महाविद्यालयों, शासकीय कार्यालयों एवं सामाजिक संस्थानों में युवाओं एवं आम नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है, जिससे आवश्यकता के समय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी एस मार्को द्वारा जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं संस्थानों से अपील की गई है, कि वे इस स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में सहभागिता कर मानव सेवा के इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग प्रदान करें।


