मुंगेली, 17 मार्च 2026/sns/- जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में आयोजित इस प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के उद्देश्य, कार्ययोजना, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की भूमिका और उत्तरदायित्व, भवनों तथा जनगणना मकानों की नंबरिंग, नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया, मकान सूचीकरण और गणना से संबंधित प्रश्नों को भरने की विधि तथा स्व-गणना पद्धति के बारे में विस्तार से बताया गया।
जिला सांख्यिकी अधिकारी श्री प्रीतेश अहिरवार ने बताया कि जनगणना 2027 में पहली बार डिजिटल माध्यम से आंकड़ों का संग्रहण किया जाएगा। नागरिक स्वयं स्वगणना वेब पोर्टल के माध्यम से जनगणना डेटा और मकान की जानकारी भर सकते हैं। इससे विशेष रूप से उन लोगों को सुविधा मिलेगी जो रोजगार या अन्य कारणों से अपने निवास स्थान से दूर रहते हैं। इस अवसर पर जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती निष्ठा पांडेय तिवारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी के रूप में जिले के एसडीएम, चार्ज अधिकारी के रूप में तहसीलदार तथा नगर चार्ज जनगणना अधिकारी के रूप में सीएमओ उपस्थित रहे।


