छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गौ संरक्षण को नई दिशा: गौधाम योजना का भव्य शुभारंभ”

बीजापुर, 16 मार्च 2026/sns/-छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में 14 मार्च 2026 को वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस कार्यक्रम में जिला बीजापुर से जनप्रतिनिधि, पशुपालक, उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, नगर पालिका अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एनआईसी के माध्यम से वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
प्रदेश में घुमंतू एवं बेसहारा पशुओं के समुचित प्रबंधन के लिए शासन द्वारा शासकीय भूमि पर गौधाम विकसित किए जा रहे हैं। इन गौधामों में पशु शेड निर्माण, पेयजल, बिजली, फेंसिंग आदि आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है, जिससे पशुओं को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल का मुख्य उद्देश्य बढ़ती बेसहारा मवेशियों की समस्या का समाधान करना, उन्हें सुरक्षित आश्रय तथा चारा-पानी उपलब्ध कराना और उनके संरक्षण को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही गौ-आधारित गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।
गौधाम योजना के अंतर्गत प्रदेश में कुल 36 गौधामों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 29 गौधामों का पंजीयन छत्तीसगढ़ गोसेवा आयोग में किया जा चुका है। जिला बीजापुर में भी अब तक 3 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इच्छुक आवेदक उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला बीजापुर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।यह योजना गौ संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण विकास और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *