मुंगेली, 13 मार्च 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसी कड़ी में लोरमी विकासखण्ड के ग्राम झाफल की श्रीमती उर्वशी देवी राजपूत ने शासन की महतारी वंदन योजना से प्राप्त आर्थिक सहयोग का उपयोग अपने साड़ी व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रति माह 01 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। इस राशि का उपयोग वे अपने कपड़ों और साड़ियों के छोटे व्यवसाय में करती हैं। नियमित रूप से मिलने वाली यह सहायता उनके व्यवसाय को चलाने और उसे धीरे-धीरे विस्तार देने में सहायक सिद्ध हो रही है।
उन्होंने बताया कि पहले व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक समस्या होती थी, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे साड़ियों की खरीद कर अपने व्यापार में निवेश कर पाती हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना से उन्हें आत्मविश्वास मिला है और वे अपने व्यवसाय को और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित हुई हैं। उर्वशी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की यह पहल ग्रामीण महिलाओं के लिए बहुत सहायक सिद्ध हो रही है।

