छत्तीसगढ़

बस्तर की लाइफ लाइन से लेकर पर्यटन तक, विकास की नई इबारत


जगदलपुर, 24 फरवरी 2026/sns/- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मंगलवार को प्रस्तुत किया गया बजट प्रदेश के विकास की नई दिशा तय करने वाला साबित हो रहा है। इस बजट के प्रावधानों ने न केवल राजधानी बल्कि बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ अंचलों के निवासियों और व्यवसायियों में भारी उत्साह भर दिया है। बजट की बारीकियों पर गौर करें तो यह स्पष्ट होता है कि सरकार ने अधोसंरचना, स्वास्थ्य और शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए आम जनजीवन को सीधे तौर पर प्रभावित करने की कोशिश की है।
व्यवसायी श्री अनिल लुंकड़ ने इस वित्तीय योजना का पुरजोर स्वागत करते हुए इसे बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उनके अनुसार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रावधान इन क्षेत्रों की आधारभूत संरचना को मजबूत करेंगे, वहीं पर्यटन और होम स्टे को बढ़ावा देने की नीति स्थानीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करेगी। यह निवेश न केवल रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को भी संरक्षित करेगा।
इसी क्रम में वित्तीय विशेषज्ञ और चार्टर्ड एकाउंटेंट श्री योगेंद्र कौशिक ने बजट के दूरगामी परिणामों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दस्तावेज शिक्षा के साथ-साथ प्रदेश के अन्नदाताओं और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला है। उनका मानना है कि युवाओं के लिए किए गए विशेष आवंटन और किसानों की समृद्धि पर केंद्रित योजनाएं राज्य की विकास दर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगी। बजट का यह संतुलित दृष्टिकोण आर्थिक स्थिरता और सामाजिक न्याय का एक अनूठा उदाहरण पेश करता है।
बस्तर संभाग की बात करें तो व्यवसायी श्री मनीष मूलचंदानी ने आदर्श शहर समृद्धि योजना को जगदलपुर के भविष्य के लिए क्रांतिकारी बताया है। उनके अनुसार इस योजना से शहरी सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा जिसका सीधा लाभ स्थानीय नागरिकों को मिलेगा। विशेष रूप से केशकाल घाट के उन्नयन की घोषणा ने क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत दी है, क्योंकि यह सड़क बस्तर की लाइफ लाइन मानी जाती है और इसके सुदृढ़ीकरण से व्यापारिक परिवहन और यात्रा सुगम हो जाएगी। इसके साथ ही हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार ने बस्तर को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी बाधा दूर कर दी है, जिससे आने वाले समय में निवेश और पर्यटन में अभूतपूर्व वृद्धि की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *