सुकमा, 02 फरवरी 2026/sns/-कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार कक्षा 5वीं एवं 8वीं की एकीकृत वार्षिक परीक्षा की तैयारी को लेकर जिला शिक्षा विभाग द्वारा बैठकों का क्रम प्रारंभ किया गया। इसी कड़ी में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा कार्यालय के सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं।
शनिवार सुबह 10ः30 बजे कक्षा 5वीं एवं 8वीं की एकीकृत वार्षिक परीक्षा के सफल आयोजन हेतु प्रश्नपत्र निर्माण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सहायक परियोजना समन्वयक एवं परीक्षा प्रभारी श्री आशीष कुमार राम भी उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रश्नपत्र ब्लू-प्रिंट के आधार पर तैयार किए जाएंगे तथा मॉडरेशन समिति द्वारा उनका परीक्षण किया जाएगा। इसके पश्चात निजी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 5वीं एवं 8वीं के सभी विद्यार्थी अनिवार्य रूप से परीक्षा में सम्मिलित होंगे। विद्यालयों को परीक्षा की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए तथा परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
दोपहर बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) एवं संकुल प्राचार्यों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें संकुल स्तर पर वार्षिक परीक्षा केंद्रों की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में कंट्रोल रूम की स्थापना, नामांकन (नॉमिनल रोल) तैयार करने सहित परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना विभाग की प्राथमिकता है, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

