छत्तीसगढ़

जिला स्तरीय जैविक खेती कृषि मेला का आयोजन

रासायनिक खेती के स्थान पर जैविक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान : मंत्री गुरु खुशवंत साहेब

रायपुर, 10 जनवरी 2026/sns/- टाउन हॉल आरंग में जिला स्तरीय जैविक खेती कृषि मेला का आयोजन किया गया जिसके मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब रहे।

अपने संबोधन में मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि कृषि उत्पादन में रासायनिक उर्वरकों एवं जहरीले कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग अब एक खतरनाक स्तर तक पहुँच चुका है, जो मानव स्वास्थ्य, मृदा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण के लिए गंभीर रूप से हानिकारक है। उन्होंने कहा कि मानव और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जैविक खेती ही एकमात्र प्रभावी विकल्प है। उन्होंने सभी कृषकों से जैविक खेती अपनाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री सतीश अवस्थी ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए जैविक खेती को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और कृषकों से इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया।

जिला स्तरीय जैविक खेती मेले में जिले के लगभग 500 कृषकों ने भाग लिया। कृषि विज्ञान केंद्र से आए वैज्ञानिकों ने जैविक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी दी। वहीं इफ्को (IFFCO) से उपस्थित उप महाप्रबंधक द्वारा नैनो उर्वरक एवं नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी दी गई। इस अवसर पर “ड्रोन दीदी” द्वारा ड्रोन के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

कृषि एवं उससे संबद्ध विभागों तथा निजी जैविक संस्थानों द्वारा प्रदर्शनी स्टॉल लगाए गए, जिनका अवलोकन माननीय मंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री साहेब ने कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र, धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल के रूप में उड़द तथा PSB एवं ZSB का वितरण किया। इसके साथ ही मत्स्य पालन विभाग के अंतर्गत मत्स्य कृषकों को NFDP पंजीयन एवं मत्स्य प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. संदीप  जैन, श्री के.के. भरद्वाज, श्री देवनाथ साहू, श्री लुकेश साहू, श्रीमती पद्मनी साहू, श्री चंद्रशेखर साहू, श्री संतोष चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *