मुंगेली, 25 नवंबर 2025/sns/- केंद्र सरकार द्वारा कच्चे मकानों में रहने वाले अथवा बिना छत वाले परिवारों को सुरक्षित व सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री आवास योजना का संचालन किया जा रहा है। यह योजना केन्द्र एवं राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य हर पात्र परिवार को पक्का, सुरक्षित और गरिमापूर्ण आवास प्रदान करना है। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि योजना का लाभ उन सभी तक पहुँचे, जिन्हें इसकी वास्तविक आवश्यकता है।
इसी क्रम में मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम सिल्ली की निवासी श्रीमती बसंती साहू के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना उम्मीद की नई किरण बनकर आई। लंबे समय से कच्चे मकान में रह रही श्रीमती साहू अपने परिवार के लिए एक मजबूत और सुरक्षित घर बनाने का सपना देखती थीं। बरसात हो या तेज गर्मी, कच्चा घर अक्सर उनके लिए चुनौतियाँ और चिंता लेकर आता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए लगभग असंभव था, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनकी यह चिंता दूर करते हुए उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। पात्रता के आधार पर चयनित होने के बाद किस्तों के रूप में मिली धनराशि ने उनके सपनों के पंखों को मजबूती दी। ग्रामीण स्तर पर अधिकारियों की नियमित मॉनिटरिंग, तकनीकी सहयोग और समय-समय पर दी गई मार्गदर्शन ने भवन निर्माण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया।
श्रीमती साहू ने बताया कि आज उनका पक्का मकान न केवल उनके सिर पर मजबूत छत प्रदान कर रहा है, बल्कि उनके परिवार के भविष्य को भी सुरक्षित कर रहा है। नया घर उनके बच्चों की पढ़ाई, परिवार की सुरक्षा और सामाजिक सम्मान, तीनों को नया आधार दे रहा है। पक्के घर के पूर्ण होने पर श्रीमती साहू ने सरकार और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अब हमें मौसम की चिंता नहीं रहती, हमारा भी अपना मजबूत घर है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने सिर्फ एक मकान नहीं दिया, बल्कि एक परिवार के सपनों को आकार, सुरक्षा को संबल और जीवन को नई दिशा दी है।


