महासमुंद, 17 अक्टूबर 2025/sns/- मुख्यमंत्री द्वारा वीसी के माध्यम से दिए निर्देश के परिपालन में एवं कलेक्टर एवं जिला मिशन संचालक समग्र शिक्षा श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार खल्लारी जोन में जोन स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में विकासखण्ड बागबाहरा के अंतर्गत आने वाले सात संकुलों के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के संस्था प्रमुखों ने सहभागिता की।
बैठक में जिला मिशन समन्वयक श्री रेखराज शर्मा ने प्रमाण पत्र एवं अपार आईडी निर्माण कार्य को विद्यार्थियों की शैक्षणिक पहचान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि जिन विद्यार्थियों के प्रकरण अभी लंबित हैं, उन्हें तत्काल पूरा कर ऑनलाइन पोर्टल पर अद्यतन किया जाए। उन्होंने कहा कि कलेक्टर के निर्देशानुसार दिसंबर माह के अंत तक प्रत्येक विद्यालय में 100 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी तैयार होना अनिवार्य है। श्री शर्मा ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को शासन की छात्रवृत्ति, छात्र कल्याण योजनाओं और अन्य शैक्षणिक लाभों का सीधा लाभ मिलता है, इसलिए सभी संस्था प्रमुख इसे शीर्ष प्राथमिकता में रखें।
बैठक में दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की गई तथा परिणाम सुधार के लिए विद्यालय स्तर पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष अध्ययन सत्र, रिमेडियल क्लासेस तथा शिक्षण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने हेतु शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से प्रयास करने को कहा गया। कक्षा संचालन में टीएलएम के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए उन्होंने शिक्षकों से स्थानीय स्तर पर तैयार शिक्षण सामग्री का उपयोग विद्यार्थियों की समझ और रचनात्मकता बढ़ाने के लिए करने की बात कही। बैठक में यू–डाइस डेटा अपडेशन, शिक्षक उपस्थिति एप, हरित विद्यालय अभियान, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, तिमाही परीक्षा मूल्यांकन, शैक्षणिक नवाचार तथा शिक्षा गुणवत्ता सुधार जैसे विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी श्री के.के. वर्मा ने कहा कि कलेक्टर के निर्देशों के अनुरूप सभी विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र एवं अपार आईडी निर्माण के शत–प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देते हुए हरित विद्यालय अभियान और शिक्षण गुणवत्ता उन्नयन कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। बैठक में एपीसी श्रीमती संपा बोस, बीआरसी श्रीमती भुपेश्वरी साहू, श्रीमती प्रियंका पटेल, श्री संजय पटेल, प्राचार्य खल्लारी श्रीमती सविता चंद्राकर, संकुल समन्वयक आर.डी. यादव, मेघराज साहू, देव सिन्हा, परमानंद निर्मलकर, देवेंद्र चंद्राकर, विजय साहू सहित सभी संस्था प्रमुख एवं शिक्षक उपस्थित रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी संस्था प्रमुख अपने विद्यालयों में जाति–अपार आईडी निर्माण कार्य, परीक्षा परिणाम सुधार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रसार हेतु निरंतर कार्यरत रहेंगे ताकि विकासखण्ड बागबाहरा को जिले में आदर्श मॉडल ब्लॉक के रूप में स्थापित किया जा सके।


