सुकमा,13 अक्टूबर 2025/sns/- जिला प्रशासन सुकमा के सतत प्रयासों और नियद नेल्लानार योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से अब दुर्गम और नक्सल प्रभावित इलाकों में भी विकास की रोशनी पहुँच रही है। पीएम आवास योजना के तहत दुलेड़ में पंचायत का पहला पक्का घर बनकर तैयार हुआ है। ग्राम दुलेड़ निवासी श्रीमती पोड़ियम सुक्की का कच्चे घर से पक्के घर बनाने तक का सफर इसी परिवर्तन का प्रतीक बन गया है।
पहले मिट्टी और खपरैल की झोपड़ी में रहने वाले परिवार के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने नया जीवन दिया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद श्रीमती सुक्की व उनके परिवार ने मनरेगा मजदूरी के सहयोग से स्वयं अपने घर का निर्माण पूरा किया। आज वे अपने पक्के घर में सुरक्षित, गर्व और आत्मसम्मान के साथ जी रहे हैं। नियद नेल्लानार योजना के अंतर्गत जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के द्वारा दुर्गम क्षेत्रों में आवास निर्माण की निरंतर निगरानी, तकनीकी सहयोग और भुगतान की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।


