जांजगीर-चांपा, 09 सितम्बर 2025/sns/- जिले के 866 युवाओं ने भारतीय सेना की सीईई (कॉमन एंट्रेंस एग्जाम) परीक्षा उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया गया। सफल अभ्यर्थियों को आगामी चयन प्रक्रिया में और बेहतर प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन की ओर से निःशुल्क शारीरिक दक्षता प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। यह प्रशिक्षण 09 सितम्बर से पुलिस लाइन, खोखराभांठा मैदान में प्रारंभ होगा, जो प्रतिदिन प्रातः 5 से 9 बजे एवं सायं 4.30 से 7 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर ने बताया कि सीईई परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी 09 सितम्बर को दोपहर 12 बजे तक लाईवलीहुड कॉलेज, जांजगीर (पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास) में उपस्थित होकर पंजीयन करा सकते हैं। जिन युवाओं ने पूर्व में पंजीयन करा लिया है या जो किसी कारणवश पंजीयन नहीं करा पाए हैं, वे भी सीधे प्रशिक्षण स्थल पर पहुँचकर इस प्रशिक्षण का लाभ उठा सकेंगे।




