रायपुर, 08 अगस्त 2025/sns/- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन रायपुर की नवाचारी पहल “प्रोजेक्ट धड़कन” के अंतर्गत आज शासकीय प्री-मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास, सरोरा एवं आडवाणी आर्लीकन स्कूल में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों में जन्मजात हृदय रोग की प्रारंभिक पहचान, जांच और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित करना है।
शिविर के दौरान सरोरा स्थित छात्रावास में 12 छात्राओं की स्क्रीनिंग की गई, जबकि आडवाणी आर्लीकन स्कूल में कुल 149 बच्चों की जांच की गई, जिनमें 54 छात्र और 95 छात्राएं शामिल रहीं। कुल मिलाकर आज 161 बच्चों की हृदय रोग संबंधी प्रारंभिक जांच की गई।
जांच के दौरान 1 बच्चा संदिग्ध (सस्पेक्टेड) पाया गया, जिसे *विशेष परीक्षण* हेतु श्री सत्य साईं अस्पताल, नवा रायपुर भेजा जा रहा है।
प्रोजेक्ट धड़कन के अंतर्गत, बच्चों में तेज़ धड़कन, वजन न बढ़ना, शरीर में नीलापन, बार-बार सर्दी-खांसी, सांस लेने में परेशानी, स्तनपान के दौरान पसीना आना जैसे लक्षणों के आधार पर स्क्रीनिंग की जा रही है, ताकि संभावित हृदय रोगों की समय रहते पहचान की जा सके।

