सुकमा, 3 जुलाई 2025/sns/- कृषि विज्ञान केंद्र, सुकमा के तत्वावधान में ब्लॉक छिंदगढ़ के ग्राम धोबनपाल में तिल की खरीफ फसल की तैयारी एवं कतारबद्ध बुआई विषय पर एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को तिलहन उत्पादन की उन्नत तकनीकों से अवगत कराना था।
प्रशिक्षण में केंद्र के विषय वस्तु विशेषज्ञ श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप एवं कीट वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सिदार ने किसानों को सफेद तिल की उन्नत किस्म ‘उन्नत रामा’ की विशेषताओं एवं उत्पादन विधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। बताया गया कि इस वर्ष जिले में कुल 198 हेक्टेयर क्षेत्र में तिलहन अग्रिम पंक्ति समूह प्रदर्शन किए जाने हैं। इसके लिए किसानों का चयन, खेत की तैयारी, बुआई का उपयुक्त समय, बीज की मात्रा, बीज उपचार, जैव एवं रासायनिक खाद का संतुलित उपयोग, साथ ही कीट एवं रोग नियंत्रण की समुचित जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कतारबद्ध बुआई की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि इससे फसल की देखरेख आसान होती है और उत्पादन में वृद्धि संभव है। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों की जानकारी भी दी गई, जिससे श्रम एवं लागत की बचत करते हुए अधिक लाभ प्राप्त किया जा सके। कार्यक्रम में कुल 32 किसान सहभागी बने। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र से श्री परमेश सिंह शोरी भी उपस्थित रहे।


