दुर्ग, 27 जून 2025/sns/- जिला महिला एवं बाल विकास विभाग अधिकारी के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ“ एवं “स्कूल चलो“ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वैशाली नगर, भिलाई में किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को शिक्षित कर उन्हें समाज में सम्मान दिलाना, लिंगानुपात में सुधार लाना तथा उनके भविष्य के लिए वित्तीय एवं शैक्षणिक सुरक्षा सुनिश्चित करना था।
कार्यशाला में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया। सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बालिकाओं की वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की शिक्षा को लेकर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि कोई भी महिला जो घरेलू या बाहरी संकट से जूझ रही हो, वह “सखी वन स्टॉप सेंटर“ के माध्यम से एक ही छत के नीचे परामर्श, चिकित्सा, विधिक सहायता, पुलिस सहायता एवं आश्रय जैसी सेवाएं प्राप्त कर सकती है। महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबर 181 और बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाएं जैसे महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना तथा सुकन्या समृद्धि योजना की भी विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्रीमती पद्मजा सिन्हा, श्रीमती शिल्पा श्रीवास्तव, सुश्री कविता साहू, सुश्री दीपशिखा नायक (पर्यवेक्षकगण), जिला मिशन समन्वयक श्रीमती विनिता गुप्ता एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ श्रीमती शिल्पी उपाध्याय, सखी वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर श्रीमती हिना खान, विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती संगीता बघेल, शिक्षिकाएं श्रीमती विद्या, आर. रानी, एच. भाटिया एवं अनेक छात्राएं उपस्थित रहीं।

