अम्बिकापुर दिसम्बर 2024/sns/ कलेक्टर श्री विलास भोसकर द्वारा बीते दिनों राइस मिलरों की बैठक ली गई जिसमें उन्होंने राईस मिलरों द्वारा धान उठाव एवं एफसीआई-नान में चावल जमा की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही राईस मिलरों द्वारा बताये गये समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना। कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा राईस मिलरों की विभिन्न मांगों और समस्याओं का निरंतर निराकरण किया जा रहा है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सतत रूप से जारी है। किसान सहजता से अपना धान खरीदी केन्द्रों में बेच रहे है जिससे खरीदी केन्द्रों में धान की आवक भी बढ़ी हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन के सहयोग एवं समन्वय से किसानों की सुविधा के लिए धान का उठाव जारी रखने को कहा। साथ ही कस्टम मिलिंग की प्रक्रिया भी जारी रखने कहा। कलेक्टर ने मिलरों को अनुमति, अनुबंध एवं बैंक गारंटी जमा कर धान उठाव सुचारू रूप से जारी रखने पर भी राईस मिलरों से चर्चा की। राईस मिलरों ने भी शासन-प्रशासन से समन्वय बनाकर धान उठाव एवं चावल जमा करने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर सहमति जताई।
डीएमओ मार्कफेड से प्राप्त जानकारी अनुसार मिल पंजीयन हेतु 54 आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 43 पंजीकृत राइस मिल हैं। 33 मिलों को अनुमति जारी की गई और 23 राइस मिलों से अनुबंध किया गया है। जिले में अब तक 54 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से 98001 मीट्रिक टन धान खरीदी की गई है। जिसमें 11186 मीट्रिक टन धान का उठाव किया गया है।