बरसात का डर हुआ खत्म, पीएम आवास ने बदली जिंदगी

सुकमा, 06 अप्रैल 2026/sns/-विकासखंड कोंटा के दूरस्थ ग्राम पंचायत दुलेड़ के निवासी श्री मंगल यादव की कहानी संघर्ष, मेहनत और आत्मनिर्भरता की ऐसी मिसाल है, जो हर जरूरतमंद परिवार को नई उम्मीद देती है। वर्षों तक कठिन परिस्थितियों में जीवन बिताने वाले श्री यादव के लिए अब बरसात का मौसम डर नहीं, बल्कि राहत लेकर आता है, क्योंकि उनका पक्का मकान का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से साकार हो गया है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन और जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के दुरस्थ इलाकों तक पात्र हितग्राहियों को पीएम आवास योजना से लाभान्वित किया जा रहा है!
श्री मंगल यादव लंबे समय से मजदूरी और खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते रहे। कभी काम मिलता, कभी नहीं, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। आर्थिक तंगी के चलते उनका परिवार वर्षों तक कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के दिनों में छत से पानी टपकता, दीवारें कमजोर हो जातीं और परिवार को हर पल अनहोनी का भय सताता रहता था।
इसी बीच पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) श्री यादव के लिए वरदान साबित हुई। योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ। खास बात यह रही कि श्री यादव ने केवल सरकारी सहायता पर निर्भर न रहकर मनरेगा के तहत मजदूरी कर स्वयं भी घर निर्माण में योगदान दिया और अपने संकल्प से इस सपने को मजबूत आधार दिया।
आज श्री मंगल यादव का परिवार अपने नए पक्के मकान में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। अब बारिश, तूफान और रातभर जागकर घर बचाने की चिंता खत्म हो चुकी है। श्री यादव भावुक होकर कहते हैं मेरे पक्के मकान का सपना सरकार ने साकार कर दिया, अब परिवार को सुकून की जिंदगी मिली है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *