छत्तीसगढ़

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर वृहद महतारी सम्मेलन एवं महिला क्रीड़ा प्रतियोगिता 8 मार्च को

मोहला, 07 मार्च 2026/sns/-अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के सभी विकास खंडों में वृहद महतारी सम्मेलन एवं महिला क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम 08 मार्च 2026 को प्रातः 10 बजे से मिनी स्टेडियम मोहला में आयोजित होगा। कार्यक्रम स्थानीय जनप्रतिनिधियों के आतिथ्य में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं की सहभागिता होगी। कार्यक्रम के दौरान महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा। इसमें एनीमिया जांच, वजन एवं ऊंचाई मापन तथा बीएमआई की जांच शामिल है, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य की स्थिति का आंकलन किया जा सके। रंगोली प्रतियोगिता तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय संस्कृति और खानपान को बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर बाल विवाह मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, सामाजिक कार्य, स्व-सहायता समूह तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

  • महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओ का होगा आयोजन

कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी और रस्साकशी जैसे सामूहिक खेल शामिल हैं। इसके अलावा कुर्सी दौड़, 100 मीटर व 200 मीटर दौड़, मटका फोड़ और बाल्टी बॉल जैसे एकल खेल भी आयोजित किए जाएंगे। महिला खेल प्रतियोगिताओं के लिए दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। पहला आयु वर्ग 09 से 18 वर्ष तक तथा दूसरा आयु वर्ग 18 से 35 वर्ष तक रखा गया है। प्रत्येक खेल प्रतियोगिता में दोनों आयु वर्ग की टीमों या प्रतिभागियों को भाग लेने का अवसर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *