विश्व कैंसर दिवस पर स्वामी विवेकानंद स्कूल में गूंजा जागरूकता का संदेश

जगदलपुर, 04 फरवरी 2026/sns/- विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर बुधवार को शहर के स्वामी विवेकानंद स्कूल में एक बेहद संवेदनशील और अनूठी पहल देखने को मिली, जहाँ स्कूली बच्चों ने अपने अभिभावकों के नाम भावुक पत्र लिखकर उन्हें कैंसर के खतरों के प्रति आगाह किया। राज्य शासन के आदेश और बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ बिगुल फूंका।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.आर. बघेल और सीएमएचओ के मार्गदर्शन में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला का मुख्य आकर्षण स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय पत्र लेखन प्रतियोगिता रही। इसमें विद्यार्थियों ने अपने पालकों को प्रतीकात्मक रूप से जागरूकता संदेश देते हुए पत्र लिखे। इन पत्रों के माध्यम से बच्चों ने न केवल अपने मन की बात कही, बल्कि अपने परिवार को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह भी किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ तीन पत्रों का चयन कर छात्रों को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई, जिससे बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
जागरूकता सत्र के दौरान महारानी अस्पताल से आए विशेषज्ञों ने बच्चों को इस बीमारी की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. संजय बसाक ने नशापान से होने वाले शारीरिक और आर्थिक नुकसान पर गहराई से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को समझाया कि कैसे नशा एक खुशहाल परिवार को बर्बाद कर सकता है। वहीं, शिक्षा विभाग से सहायक जिला शिक्षा परियोजना अधिकारी श्रीमती जयंती कश्यप ने बदलती जीवनशैली पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि अनियमित दिनचर्या और जंक फूड का अत्यधिक सेवन भी कैंसर का कारण बन सकता है।
चिकित्सीय पहलुओं पर बात करते हुए कैंसर रोग विशेषज्ञ व जिला नोडल अधिकारी डॉ. भंवर शर्मा ने बताया कि यदि सही समय पर लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो कैंसर का इलाज पूरी तरह संभव है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी कमलेश रामटेके ने विज्ञान के नजरिए से समझाया कि मादक पदार्थ किस तरह मानव शरीर की कोशिकाओं को नष्ट करते हैं।
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला को सफल बनाने में जिला अस्पताल से डॉ. शांडिल्य (रेडियोलॉजिस्ट), जिला टी.बी. अधिकारी डॉ. मैत्री और जिला सलाहकार हनी गाडलिब की उपस्थिति महत्वपूर्ण रही। कार्यक्रम के सुचारू संचालन में स्वामी विवेकानंद संस्था की प्रभारी प्राचार्या कविता कौर, संकुल समन्वयक गोपाल बिसाई और समस्त शिक्षक स्टाफ ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *