छत्तीसगढ़

उचित मूल्य और समय पर भुगतान से किसानों को मिला सहारा, धान खरीदी से बढ़ा भरोसा

कवर्धा, 31 जनवरी 2026/sns/-धान खरीदी का समय किसानों के लिए बहुत अहम होता है, क्योंकि इसी समय उन्हें सालभर की मेहनत का पैसा मिलता है। जब धान सही समय पर बिकता है, अच्छा दाम मिलता है और भुगतान जल्दी हो जाता है, तो किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और आगे की खेती के लिए उन्हें हौसला मिलता है।
कबीरधाम जिले के ग्राम लिमो निवासी किसान श्री बिसेलाल निषाद लंबे समय से खेती कर रहे हैं। इस साल उन्होंने करीब 1.50 एकड़ जमीन में धान की फसल ली, जिससे उन्हें 32.40 क्विंटल धान का उत्पादन मिला। उनके पास कुल लगभग दो एकड़ जमीन है, जिससे वे अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। खेती के साथ-साथ वे जरूरत पड़ने पर मजदूरी भी करते हैं। श्री निषाद ने बताया कि शासन द्वारा धान का उचित मूल्य मिलने से उनकी आमदनी बढ़ी है। धान अच्छे दाम पर बिकने से खेती का खर्च निकालने के बाद भी घर की जरूरतों के लिए पैसे बच जाते हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे खेती को लेकर अब और उत्साहित हैं।
श्री निषाद ने कहा कि अब धान खरीदी की व्यवस्था पहले से काफी बेहतर हो गई है। खरीदी केंद्रों में तौल, बारदाना और बैठने जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है, जिससे धान बेचने में कोई परेशानी नहीं होती। साथ ही भुगतान भी बहुत जल्दी हो जाता है।
श्री निषाद ने बताया कि धान बेचने के बाद मिली राशि सीधे उनके बैंक खाते में समय पर जमा हो गई। इस पैसे से वे घर की जरूरतें पूरी करेंगे और बाकी रकम से रबी फसल के लिए बीज और खाद खरीदेंगे, ताकि अगली फसल और अच्छी हो सके।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में धान खरीदी का काम सुचारू और पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। किसानों की सुविधा के लिए खरीदी केंद्रों में ऑनलाइन टोकन, माइक्रो एटीएम और त्वरित भुगतान जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इन व्यवस्थाओं से किसानों का समय बच रहा है, उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिल रही है और मन को संतोष हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *