छत्तीसगढ़

शून्य बिजली बिल से आत्मनिर्भर ऊर्जा तक बीजापुर के वसीम खान बने पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना के प्रेरणास्रोत


बीजापुर, 17 जनवरी 2026/sns/-प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम नागरिकों के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला रही है। बीजापुर शहर के इस योजना के प्रथम लाभार्थी श्री वसीम खान इसकी सशक्त मिसाल बनकर सामने आए हैं। श्री वसीम खान ने बताया कि उन्होंने यूट्यूब सहित विभिन्न प्रचार माध्यमों से इस योजना की जानकारी प्राप्त की। बढ़ते बिजली बिल से राहत पाने और स्वयं बिजली उत्पादन के उद्देश्य से उन्होंने बिजली कार्यालय में संपर्क कर आवेदन किया। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 नवंबर को उनके घर में पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना के अंतर्गत सोलर पैनल स्थापित किया गया।
इसका परिणाम अत्यंत उत्साहवर्धक रहा। दिसंबर माह का बिजली बिल शून्य आया, जो उनके लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं था। इतना ही नहीं, उन्हें योजना के अंतर्गत कुल 1 लाख 8 हजार की सब्सिडी प्राप्त हुई, जिसमें 78 हजार केंद्र सरकार तथा 30 हजार राज्य सरकार द्वारा प्रदान किए गए।
आज श्री खान न केवल बिजली बिल से मुक्त हैं, बल्कि वे स्वयं बिजली उत्पादन कर रहे हैं। वर्तमान में उनका बिजली खाता शून्य के साथ 270 यूनिट अतिरिक्त बिजली जमा दर्शा रहा है, जबकि पहले उन्हें हर माह 3,000 से 4,000 तक का बिजली बिल चुकाना पड़ता था।
श्री वसीम खान कहते हैं कि आज की बढ़ती महंगाई के दौर में बिजली बिल से राहत मिलना शासन की एक ऐतिहासिक और जनहितकारी उपलब्धि है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस महत्वाकांक्षी योजना से अवश्य जुड़ें और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें।
इस योजना के लिए उन्होंने केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना न केवल आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि स्वच्छ और हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा दे रही है। यह कहानी निस्संदेह अन्य नागरिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और योजना की सफलता को सशक्त रूप से दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *