छत्तीसगढ़

अवैध धान भंडारण और परिवहन पर जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी, बिचौलियों से भारी मात्रा में धान जब्त

बलौदाबाजार,16 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा-निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी के दौरान बिचौलियों और अवैध व्यापारियों पर अंकुश लगाने हेतु प्रशासन द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में
तहसील भाटापारा के ग्राम धुर्राबांधा में 452 कट्टा(180क्विटल) अवैध धान पुनीत पाल के घर से जब्त किया गया।

तहसील कसडोल के ग्राम कोमसरा में बिचौलिया व्यापारी मुरीतराम के पास से 22.40 क्विंटल और ग्राम खर्वे में बिचौलिया व्यापारी जगदीश के पास से 41 क्विंटल धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया, जिसे टीम ने जब्त कर संबंधित ग्राम कोटवार को सुपुर्द कर दिया है। इसके साथ ही कसडोल के दो अन्य बिचौलियों के यहाँ दबिश देकर कुल 85 कट्टा धान जब्त करते हुए उनकी दुकानों को सील कर दिया गया है। इसी तरह की कार्रवाई तहसील पलारी के अंतर्गत भी की गई, जहाँ ग्राम अमेरा के फुटकर व्यापारी विश्वनाथ पटेल से 12 क्विंटल, दर्शन पटेल से 11.2 क्विंटल तथा ग्राम पाहंदा के व्यापारी गजेन्द्र घृतलहरे से 12 क्विंटल धान अवैध पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई।

प्रशासन की यह मुहिम लवन तहसील में भी प्रभावी रही, जहाँ ग्राम लवन के फुटकर व्यापारी जगमोहन साहू के प्रतिष्ठान से 46 बोरी (18.40 क्विंटल) और रामखिलावन साहू के प्रतिष्ठान से 96 बोरी (38.40 क्विंटल) सहित कुल 56.8 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। ग्राम नरधा में बिचौलिया घनश्याम पिता भगतराम कोलता के पास से 36 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है। धान के अवैध आवाजाही को रोकने के लिए जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाते हुए आज एसडीएम भाटापारा द्वारा सेमरिया घाट चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चेकपोस्ट के रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों का मंडी जाने वाले वाहनों के रिकॉर्ड से बारीकी से मिलान किया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी कि धान के अवैध परिवहन को हर हाल में रोका जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *