जगदलपुर, 15 जनवरी 2026/SNS/- जगदलपुर के कुम्हरावण्ड स्थित शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में गुरुवार को छात्र संघ का शपथ ग्रहण समारोह अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर सांसद बस्तर श्री महेश कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए मनोनीत नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलाई।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के नियमों और अंतिम मेरिट सूची में प्रावीण्यता के आधार पर हुए इस मनोनयन में एमएससी (कृषि) अंतिम वर्ष के छात्र सुहैल खान ने छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। उनके साथ बीएससी(कृषि) चतुर्थ वर्ष की छात्रा निशु सिंह ने उपाध्यक्ष और एमएससी प्रथम वर्ष की एन. यमुना ने सचिव पद की शपथ ली, जबकि देवीदत्त जेना को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शपथ दिलाने के पश्चात सांसद श्री कश्यप ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उम्मीद जताई कि यह नई टीम महाविद्यालय के विकास और छात्र हितों में सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
समारोह के दौरान मुख्य कार्यकारिणी के अलावा विभिन्न सोसायटियों और कक्षाओं के प्रतिनिधियों ने भी अपने दायित्वों की शपथ ली। इसमें गरिमा वर्मा एनसीसी और एनएसएस, पूनम साहू जेंडर ऑन सोसाइटी, देवीदत्त जेना साइंस क्लब, लोचन सिंह मीना सोशल वर्क, अदयाशा पति कल्चरल और दीपशिखा दीवान स्पोर्ट्स सोसाइटी के लिए अतिरिक्त सदस्य के रूप में नामित किया गया है। साथ ही विभिन्न कक्षाओं का प्रतिनिधित्व करने के लिए आराधना टी. भास्कर, पार्थवी नाग, संजना वर्मा, प्रांजल पाण्डेय, अदयाशा पति और जयंत मंडावी ने कक्षा प्रतिनिधि के रूप में शपथ ग्रहण की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ एके ठाकुर, छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ एनसी मंडावी, डॉ रोशन परिहार, डॉ सोनाली कर, डॉ आरआर कंवर, डॉ नीता मिश्रा, डॉ भुजेंद्र कोठारी, डॉ रेशमा कौशल, डॉ चेतना खांडेकर, डॉ विनीता पाण्डे, श्री सोहन पांडे, श्री एमबी तिवारी, श्री योगेश कोसरिया सहित महाविद्यालय के सभी स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। नवनियुक्त छात्र संघ का यह कार्यकाल विश्वविद्यालय के नियमानुसार 31 मई 2026 तक प्रभावी रहेगा।

